अवैध कबाड़ के परिवहन के खिलाफ बैढ़न पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 टन चोरी का लोहे का कबाड़ जब्त किया है। कबाड़ की अनुमानित कीमत 3.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने कबाड़ से लदे ट्रक क्रमांक UP 64CT 9483 को भी जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है।
जानकारी अनुसार कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में चोरी का लोहे का कबाड़ लोड कर उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर उसमें करीब 10 टन लोहे का कबाड़ मिला।
चालक के पास नहीं था कबाड़ का कोई दस्तावेज
पूछताछ में ट्रक चालक ने अपना नाम नीरज कुमार सिंह पिता कमला सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी अंजानी थाना बीजपुर, जिला सोनभद्र उत्तरप्रदेश बताया। पुलिस द्वारा कबाड़ के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक ने बताया कि कबाड़ नीरज शर्मा पिता रविचंद्र शर्मा की पचौर रोड स्थित कबाड़ दुकान से लोड कराया गया था और उसे औड़ी मोड़ (उत्तर प्रदेश) की ओर ले जाया जा रहा था।
कबाड़ के संबंध में स्वामित्व और वैध दस्तावेज नहीं मिलने के साथ ही उसके चोरी का होने की आशंका पर पुलिस ने ट्रक और उसमें लदा पूरा कबाड़ जब्त कर लिया। मामले में अपराध क्रमांक 1148/2026, धारा 317(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. के निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में थाना बैढ़न पुलिस टीम ने की।
कार्यवाही में इनकी रही भूमिका
उक्त कार्रवाई में उनि विनय शुक्ला, सउनि सज्जीत सिंह बघेल, सउनि शिवाकांत बागरी और प्रधान आरक्षक 295 अजीत सिंह परिहार का सराहनीय योगदान रहा।







