सिंगरौली जिले के विन्ध्यनगर थाना क्षेत्र की जयंत चौकी अंतर्गत बजरंग परिसर स्थित कंचन ज्वेलर्स में गुरुवार शाम चार हथियारबंद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप में काम कर रहे कर्मचारी राहुल विश्वकर्मा को गोली मारने के साथ ही उसके सिर पर बंदूक के बट से हमला किया। इसके बाद कर्मचारी के अचेत होने का फायदा उठाकर बदमाश शोकेस में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी अनुसार गुरुवार शाम करीब 6 बजे चार बदमाश हथियारों के साथ ज्वेलरी शॉप में दाखिल हुए। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को धमकाया और दुकान में काम कर रहे राहुल विश्वकर्मा पर गोली चला दी। गोली उसके हाथ में लगी। इसके बाद बदमाशों ने उसके सिर पर बंदूक से वार कर दिया, जिससे वह घायल होकर अचेत हो गया। घटना से दुकान में मौजूद लोग सहम गए।
शोकेस से आभूषण समेटकर भागे बदमाश
राहुल के घायल होने के बाद बदमाशों ने दुकान के शोकेस में रखे सोने-चांदी के आभूषणों को समेटना शुरू कर दिया। लूट के बाद चारों बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल राहुल को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घायल कर्मचारी ने इलाज के दौरान पुलिस को बताया कि वारदात में कुल चार लोग शामिल थे। इनमें से एक बदमाश ने नकाब पहन रखा था।
बैंक डकैती के बाद दूसरी बड़ी वारदात से पुलिस अलर्ट
बैढ़न में बैंक डकैती की वारदात के बाद जयंत में ज्वेलरी शॉप में हुई इस लूट ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीमें सक्रिय हो गईं। जिले से बाहर जाने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ाते हुए आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा ज्वेलरी शॉप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाकर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।







