मोरवा थाना क्षेत्र के भूसा मोड़ निवासी लता तिवारी की बड़ी बेटी निधि तिवारी ने शनिवार शाम अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है। सूचना मिलने पर मोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 7:30 बजे निधि ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों के करीबी विनय सिंह के अनुसार घटना के समय निधि कथित तौर पर दिल्ली निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत कर रही थी। इसी दौरान वह किसी बात से नाराज़ होकर फाँसी लगाने लगी। युवक ने तत्काल उसके परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही निधि की मां और बहन उसके कमरे की ओर दौड़ीं और दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा। इसके बाद परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि निधि तिवारी सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में भी पहचान रखती थीं। वह स्थानीय कार्यक्रमों में भी शिरकत करती थीं। इसके अलावा उन्होंने ब्यूटी कॉन्टेस्ट में कई खिताब भी जीते थे।
मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।







