सिंगरौली। जयंत रोज गार्डन के पास सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे एक सड़क दुर्घटना में दूधीचुआ में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर निर्भय सिंह और उनके पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए नेहरू शताब्दी चिकित्सालय पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुत्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बनारस रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयंत रोज गार्डन के पास एक अज्ञात वाहन ने सब-इंस्पेक्टर निर्भय सिंह और उनके पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल नेहरू शताब्दी चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही विंध्यनगर थाना प्रभारी और जयंत चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुत्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।







