सिंगरौली खदान क्षेत्र में सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर रायफल और कॉपर केबल लूटने वाले गिरोह का मोरवा थाना पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने डकैती के एक मामले के साथ चोरी की तीन अन्य वारदातों का भी पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई .315 बोर की रायफल, मैगजीन, 5 जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल, कंडक्टर वायर, लोहे के खंभे और गार्ड का आईडी कार्ड बरामद किया गया है।
3 अगस्त की रात गार्ड को घेरकर की थी मारपीट
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त की रात करीब 10 बजे खदान में ड्यूटी कर रहे सुरक्षा गार्ड गीतम सिंह को 20-25 अज्ञात बदमाशों ने घेरकर मारपीट की थी। बदमाश गार्ड की .315 बोर की रायफल लूट ले गए और करीब 80 मीटर कॉपर केबल काटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन और एसडीओपी सिंगरौली रोशनी कुर्मी के नेतृत्व में मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह की टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर दबिश, दो आरोपी पकड़े
6 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कांटा मोड़ नर्सरी के पास कुछ संदिग्ध किसी वारदात की फिराक में जुटे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही 5-6 संदिग्ध झाड़ियों का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान ठाकुर प्रसाद साकेत उर्फ बड़कू (37), निवासी बडोखर और नन्दलाल साकेत (35), निवासी बडोखर, हाल मुकाम चटका रेलवे पुलिया के रूप में हुई। मौके से तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं।
पूछताछ में खुलीं कई वारदातें
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने 3 अगस्त को सुरक्षा गार्ड से मारपीट कर रायफल और केबल लूटने की वारदात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर जंगल से .315 बोर की रायफल, मैगजीन, 5 जिंदा कारतूस, गार्ड का आईडी कार्ड और टांगी-डंडा बरामद किया गया।
इसके अलावा आरोपियों ने 13 अगस्त को जयंत खदान और 27 अगस्त को निगाही खदान में कंडक्टर वायर काटने की वारदातों में भी शामिल होना स्वीकार किया।
चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ियों पर भी नजर
पुलिस अब चोरी के माल को खपाने वाले नेटवर्क की भी जांच कर रही है। निगाही, नवानगर, मोरवा, बैढ़न और अनपरा- शक्तिनगर क्षेत्र के कबाड़ियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी का माल किन कबाड़ियों तक पहुंचाया जाता था। संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेन्द्र सिंह, उनि एन.पी. तिवारी, सउनि सुनील दुबे, उमेश अग्निहोत्री, संजीत सिंह, प्र.आर. प्रवीण सिंह, कुलदीप शर्मा, आरक्षक मनीष यादव, संजीव सिंह, राकेश यादव एवं रियाज आलम की सराहनीय भूमिका रही।







