सिंगरौली। दुधीचुआ सेक्टर-B के आवासीय क्षेत्र में रविवार शाम करीब 5 बजे ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक दुकानदार और उसके बेटे-बेटियों के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है।
परिजनों के अनुसार, चंदेल बस के ड्राइवर पर दुकानदार के साथ विवाद और मारपीट करने का आरोप है। घटना के बाद दुकानदार की दोनों बेटियां रोती हुई नजर आईं। एक बेटी ने आरोप लगाया कि उसके हाथ में चोट लगी है और उसके भाई के साथ भी मारपीट की गई। परिवार का यह भी आरोप है कि बस चालक धमकी देते हुए गया कि वह अपने लोगों को लेकर आएगा और दुकान लगाने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
परिजनों के मुताबिक, बस चालक ने यह भी कहा कि बस नहीं हटाएगा और जो करना है कर लिया जाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के दौरान मौके पर NCL सिक्योरिटी इंचार्ज और सुरक्षा गार्ड के मौजूद होने की बात सामने आई है। दुकानदार पक्ष का आरोप है कि मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल प्रभावी हस्तक्षेप नहीं किया, जिससे NCL सुरक्षा व्यवस्था की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पूरे मामले में संबंधित पक्षों का पक्ष और पुलिस की कार्रवाई सामने आना बाकी है। सवाल यह भी है कि आवासीय क्षेत्र में विवाद के दौरान मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्या कदम उठाए?
वीडियो में पीड़ित परिवार की बेटियां घटना के बाद रोते हुए अपनी आपबीती बताती नजर आ रही हैं।







