मोरवा पुरानी सब्जी मंडी में विशाल महुआ का पेड़ गिरा, बाल-बाल बचे लोग

By: Editor

On: Sunday, September 27, 2026 11:46 AM

Follow Us
---Advertisement---

सिंगरौली जिले के मोरवा स्थित पुरानी सब्जी मंडी में रविवार सुबह अचानक एक विशाल महुआ का पेड़ गिर गया। पेड़ के ठीक बगल में बिजली का ट्रांसफार्मर और आसपास फल की तीन-चार दुकानें संचालित होती हैं। पेड़ गिरने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

 

बताया गया कि मोरवा में रविवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। जिस स्थान पर यह विशाल पेड़ गिरा, वहां बाजार के दौरान इतनी भीड़ रहती है कि लोगों का आसानी से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोगों का कहना है कि यदि पेड़ दिन के व्यस्त समय में गिरा होता तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे और बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

 

स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े पुराने और विशाल पेड़ों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि किसी पेड़ से हादसे की आशंका बनी हुई है तो समय रहते उसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए। लोगों ने यह भी मांग की है कि पेड़ का बचा हुआ एक बड़ा हिस्सा भी नगर निगम द्वारा जल्द कटवाकर हटाया जाए, ताकि दोबारा किसी हादसे की स्थिति न बने।

 

वहीं, पेड़ के पास ही बिजली का ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण खतरा और बढ़ गया था। लोगों के अनुसार यदि पेड़ ट्रांसफार्मर की ओर गिरता तो बिजली के तारों के संपर्क में आने से करंट फैलने की स्थिति बन सकती थी। हालांकि पेड़ गिरने से आसपास के कई बिजली के तार प्रभावित हुए हैं।

 

घटना के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुट गई। फिलहाल विभाग द्वारा प्रभावित बिजली लाइन को व्यवस्थित करने का काम किया जा रहा है।

 

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर निगम और बिजली विभाग संयुक्त रूप से बाजार क्षेत्र में लगे पुराने व बड़े पेड़ों तथा बिजली लाइनों का निरीक्षण कर संभावित खतरे वाले स्थानों पर समय रहते कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की स्थिति न बने।

For Feedback - Feedback@singraulitak.com

Leave a Comment