सिंगरौली जिले की बरगवां पुलिस ने अवैध कबाड़ के परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कबाड़ से भरे मिनी ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने वाहन चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जब्त कबाड़ की कीमत करीब 20 हजार रुपए, जबकि मिनी ट्रक की कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी गई है।
जानकारी अनुसार मंगलवार तड़के करीब 3 बजे कष्ट में लगी बरगवां पुलिस कर्मियों को मुखबिर से सूचना मिली कि गोरबी तरफ से मिनी ट्रक क्रमांक MP 53 GA 3061 में अवैध कबाड़ लोड कर बरगवां होते हुए सीधी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन तथा सुश्री रोशनी कुर्मी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरगवां निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के द्वारा टीम ने बरगवां में घेराबंदी कर मिनी ट्रक को पकड़ लिया।
दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर उसमें पुराने कूलर, क्षतिग्रस्त साइकिलें, लोहे की चादर, लोहे की प्लेट, लोहे के पाइप, लोहे की सरिया, बीयर के डिब्बे, लोहे की तगाड़ी, टीना, सिल्वर तार सहित अन्य कबाड़ सामग्री मिली। पुलिस ने चालक लवकुश कोल पिता कैलाश कोल उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम चंदवाही थाना बहरी जिला सीधी से कबाड़ के संबंध में दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेज नहीं मिलने और कबाड़ अवैध पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
इनकी रही भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक अनिल कुमार पटेल के साथ सउनि रामचरण सतनामी, आरक्षक महेश पटेल, आरक्षक शेर सिंह एवं राजन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







