Singrauli News: रोड पर लगी लाइटें आखिर कहां गायब हो गईं साहब? सिंगरौली पूछ रही है सवाल

By: Editor

On: Monday, September 7, 2026 3:40 AM

Follow Us
---Advertisement---

सिंगरौली। मोरवा–जयंत मार्ग पर कभी रोशनी बिखेरने वाली रोड लाइटें अब अचानक गायब नजर आ रही हैं। करीब दो वर्ष पूर्व NCL द्वारा सड़क निर्माण के साथ राहगीरों की सुविधा और सुरक्षा के लिए रोड लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन आज सड़क पर अधिकांश जगहों पर अंधेरा पसरा हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगी लाइटें धीरे-धीरे गायब होती चली गईं। अब सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में रोड लाइटें कहां चली गईं और इन्हें हटाने या गायब होने की जानकारी संबंधित विभाग को क्यों नहीं है?

 

कबाड़ में लाइटें बिकने की चर्चा

स्थानीय सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि कुछ समय पहले सड़क से गायब हुई लाइटों में से कुछ कथित तौर पर कबाड़ की दुकान पर दिखाई दी थीं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। यदि यह बात सही है तो यह जांच का गंभीर विषय हो सकता है कि NCL की संपत्ति सड़क से निकलकर कबाड़ तक कैसे पहुंची।

 

सिक्योरिटी की मौजूदगी के बावजूद सवाल

सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उठ रहा है। बताया जाता है कि मार्ग के आसपास NCL सिक्योरिटी की टीम की मौजूदगी रहती है। ऐसे में लोगों का सवाल है कि यदि लगातार रोड लाइटें और अन्य सामान गायब हो रहे हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?

 

अंधेरे में सफर करने को मजबूर राहगीर

रोड लाइटें नहीं होने से रात के समय मोरवा–जयंत मार्ग पर अंधेरा छाया रहता है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने NCL के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कराने, गायब हुई रोड लाइटों का पता लगाने और मार्ग पर दोबारा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

 

अब सवाल सिंगरौली पूछ रही है—दो साल पहले लाखों की लागत से लगाई गई रोड लाइटें आखिर गईं कहां? क्या NCL प्रबंधन इस पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करेगा?

For Feedback - Feedback@singraulitak.com

Leave a Comment